

नई दिल्ली/वेलिंगटन: अमेरिका-ईरान तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की न्यूजीलैंड यात्रा से ठीक पहले वहां के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भारत के साथ प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि समझौता लागू होते ही न्यूजीलैंड से भारत आने वाले 57 फीसदी उत्पादों पर पहले दिन से ही कोई टैरिफ नहीं लगेगा।
प्रधानमंत्री लक्सन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि भारत के साथ होने वाला यह व्यापार समझौता न्यूजीलैंड के कारोबार के लिए ऐतिहासिक अवसर साबित होगा। उनके मुताबिक, टैरिफ हटने से दोनों देशों के बीच व्यापार को नई गति मिलेगी और कंपनियों के लिए भारतीय बाजार तक पहुंच आसान होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 और 11 जुलाई को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर न्यूजीलैंड पहुंचेंगे। करीब चार दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली आधिकारिक न्यूजीलैंड यात्रा होगी। यह दौरा प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर हो रहा है और इसे दोनों देशों के संबंधों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दौरे के दौरान दोनों नेता व्यापार, निवेश, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, तकनीक, कृषि, शिक्षा और क्रिटिकल मिनरल्स समेत कई अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। साथ ही द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा कर कई महत्वपूर्ण समझौतों को अंतिम रूप देने की दिशा में भी बातचीत होगी।
ऑकलैंड में प्रधानमंत्री मोदी प्रमुख उद्योगपतियों, निवेशकों, खेल जगत की हस्तियों और भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। उनका भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है, जिससे दोनों देशों के बीच जन-से-जन संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
न्यूजीलैंड, प्रधानमंत्री मोदी के तीन देशों के दौरे का अंतिम पड़ाव होगा। इससे पहले वह इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया की यात्रा कर चुके हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस दौरे से हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की रणनीतिक स्थिति और मजबूत होगी, जबकि प्रस्तावित व्यापार समझौता दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।