

पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण के बीच सियासी घमासान उस वक्त और तेज हो गया, जब तृणमूल कांग्रेस सांसद Mahua Moitra ने एक कथित वीडियो शेयर कर चुनाव पर्यवेक्षक पर निशाना साधा।
महोआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कुछ पुराने वीडियो साझा किए, जिनमें एक व्यक्ति को कथित तौर पर नाइटक्लब में डांस करते हुए दिखाया गया है। उन्होंने इन वीडियो को Ajay Pal Sharma से जोड़ते हुए तंज कसा और लिखा—“अच्छा है आपको एंजॉय करते देखना… उम्मीद है आपकी पुलिसिंग स्किल्स डांसिंग से बेहतर होंगी।”
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब अजय पाल शर्मा, जो 2011 बैच के यूपी कैडर के IPS अधिकारी हैं, को चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के लिए ऑब्जर्वर के रूप में तैनात किया है। इससे पहले भी वह चर्चा में आए थे, जब एक कथित वायरल वीडियो में उन्हें दक्षिण 24 परगना के फलता क्षेत्र में मतदान में गड़बड़ी करने वालों को “सख्त कार्रवाई” की चेतावनी देते हुए देखा गया था।
इसको लेकर तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अधिकारी अपनी सीमा से आगे बढ़कर पार्टी कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश कर रहे हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि ऑब्जर्वर का काम सिर्फ निगरानी करना है, न कि सीधे कार्रवाई करना। इस मुद्दे पर TMC ने चुनाव आयोग से शिकायत करने की बात भी कही है।
वहीं, भाजपा की ओर से इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एक प्रवक्ता ने कहा कि महुआ मोइत्रा का पोस्ट “उनकी अपनी सोच और स्तर को दर्शाता है।”
इस पूरे विवाद ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है, जहां एक ओर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, वहीं चुनाव आयोग के अधिकारी लगातार निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने की बात कर रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।