महंगाई के बुरे दिनों से जनता को कब मिलेगी राहत ?

प्रधानमंत्री 'श्वेत पत्र' जारी करें: कांग्रेस
कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश
कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश
Published on: 

जयराम रमेश बोले- गरीब और मध्यम वर्ग कब तक झेलेगा महंगाई का बोझ?

दूध, तेल, घी से लेकर मोबाइल और टीवी तक के बढ़ते दामों पर उठाए सवाल

नयी दिल्ली : कांग्रेस ने महंगाई को लेकर बुधवार को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से महंगाई पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग करते हुए सवाल किया कि आखिर गरीब और मध्यम वर्ग कब तक महंगाई की दोहरी मार झेलता रहेगा? उन्होंने सरकार से आसमान छूती कीमतों पर काबू पाने और आम परिवारों को राहत देने के लिए उठाए जा रहे ठोस कदमों का ब्योरा भी मांगा।

'अच्छे दिनों' के वादे पर कांग्रेस का तंज

जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ''प्रवचनमंत्री जी बताएं कि गरीब और मध्यम वर्ग आखिर कब तक महंगाई की यह दोहरी मार झेलता रहेगा?'' उन्होंने कहा कि देश की जनता को महंगाई पर श्वेत पत्र के जरिए सरकार की नीतियों और राहत उपायों की जानकारी मिलनी चाहिए।

कांग्रेस महासचिव ने 'अच्छे दिनों' के वादे का जिक्र करते हुए सवाल किया कि आखिर कब तक जनता को महंगाई के बुरे दिन झेलने पड़ेंगे? उनके मुताबिक, लगातार बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है।

दूध, घी, तेल से लेकर मोबाइल और टीवी तक महंगे

कांग्रेस नेता ने रोजमर्रा की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मोबाइल, टीवी, बिस्किट और नमक जैसी चीजों के दाम बढ़ने की खबरें सामने आ रही हैं। दूध के दाम पहले ही बढ़ चुके हैं, जबकि घी और खाद्य तेल की कीमतों में भी लगातार इजाफा हो रहा है।

रमेश ने आरोप लगाया कि कंपनियां एक ओर उत्पादों की कीमतें बढ़ा रही हैं, वहीं दूसरी ओर पैकेट का वजन घटाकर उपभोक्ताओं को कम सामान दे रही हैं। इससे आम आदमी को हर तरफ से महंगाई का सामना करना पड़ रहा है।

खुदरा महंगाई 6.09% और खाद्य महंगाई 8.94% पहुंचने का दावा

जयराम रमेश ने महंगाई के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर 6.09 प्रतिशत और खाद्य महंगाई दर 8.94 प्रतिशत पर पहुंच गई। उनके अनुसार, खुदरा महंगाई ने मौजूदा उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) श्रृंखला में पहली बार भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की छह प्रतिशत की ऊपरी सीमा को पार किया।

उन्होंने दावा किया कि घरेलू उपकरणों और रोजमर्रा की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के चलते देश के 61 प्रतिशत परिवारों का मासिक खर्च पहले की तुलना में 20 प्रतिशत से अधिक बढ़ गया है। साथ ही, उन्होंने थोक महंगाई दर बढ़कर 12.29 प्रतिशत होने की बात कही और इसे नई थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) श्रृंखला का अब तक का उच्चतम स्तर बताया।

महंगाई के साथ बढ़ती EMI का भी सता रहा डर

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि महंगाई का असर सिर्फ आम उपभोक्ताओं की जेब तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे उत्पादन और कारोबार की लागत भी बढ़ रही है। उन्होंने ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी को लेकर भी चिंता जाहिर की।

रमेश के मुताबिक, अक्टूबर में आरबीआई ने रेपो दर में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर इसे 5.50 प्रतिशत कर दिया था। इसके बाद कई बैंकों ने होम लोन सहित अन्य कर्जों की ब्याज दरें बढ़ा दीं। उन्होंने आशंका जताई कि दिसंबर में आरबीआई एक बार फिर रेपो दर बढ़ा सकता है। ऐसी स्थिति में आम लोगों को महंगाई के साथ-साथ बढ़ती मासिक किस्त (ईएमआई) का बोझ भी उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा, 'एक तरफ आमदनी पर दबाव है, दूसरी तरफ खर्च और कर्ज दोनों महंगे होते जा रहे हैं।'

कांग्रेस का सरकार से सवाल- आखिर कब मिलेगी महंगाई से राहत ?

कांग्रेस ने बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार से जवाब मांगा है। पार्टी का कहना है कि महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की आर्थिक मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री से महंगाई पर श्वेत पत्र जारी कर सरकार की रणनीति और आम जनता को राहत देने के उपायों को स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'बहुत हुई महंगाई की मार, अब जवाब दे मोदी सरकार।'

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News