सन्मार्ग संवाददाता
सिलीगुड़ी : शारदीय नवरात्रि के नवें दिन, यानी महानवमी के अवसर पर सिलीगुड़ी शहर में भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। दिनभर रुक-रुक कर होती रही बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था और पर्व के उल्लास को कम नहीं कर सकी। श्रद्धालु छाता लेकर, और कई तो बारिश में भींगते हुए ही पूजा पंडालों का दर्शन करने पहुंचे। पूरे शहर में माता सिद्धिदात्री की विशेष पूजा, हवन और आरती के साथ धार्मिक वातावरण बना रहा। कई मंदिरों और पंडालों में कन्या पूजन के तहत छोटी-छोटी कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उन्हें भोजन कराया गया और आशीर्वाद लिया गया।
पूजा पंडालों में दिखी भव्यता और श्रद्धा
सिलीगुड़ी के शक्तिगढ़ स्थित उज्ज्वल संघ क्लब, दादा भाई मैदान, वाईएमए क्लब, सेंट्रल कॉलोनी, सेवक रोड, आश्रमपाड़ा इलाके के पूजा पंडाल में कई लोग छाता लेकर तो कई लोग बारिश में भींगते हुए पूजा पंडाल का दर्शन कियेl दर्शनार्थियों का कहना था कि अष्टमी पर कई पूजा पंडालों के दर्शन हुए, लेकिन कई बाकी थे। हालांकि आज आखिरी दिन है पूजा हापिंग का इसलिए बारिश को नजर अंदाज कर पूजा एंजॉय कर रहे है।
मंदिरों में भी हुई विशेष पूजा
सिर्फ पंडालों में ही नहीं, बल्कि शहर के प्रमुख मंदिरों जैसे दुर्गा मंदिर (वर्दवान रोड), कालीबाड़ी मंदिर और शिव मंदिर रोड के देवी मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। पूजा-पाठ, हवन और आरती के साथ भक्तों ने महानवमी का पर्व आस्था और उल्लास के साथ मनाया।
कन्या पूजन बना विशेष आकर्षण
महानवमी पर परंपरागत रूप से आयोजित कन्या पूजन में छोटी-छोटी कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उन्हें भोजन कराया गया और उपहार दिए गए। कई सामाजिक संगठनों और पूजा समितियों ने सामूहिक कंजक भोज का आयोजन किया।
ट्रैफिक और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सिलीगुड़ी ट्रैफिक पुलिस ने पंडालों के आसपास विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की थी। बारिश को नजर अंदाज कर सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों के साथ-साथ स्वयंसेवक भी तैनात रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।