Madhyamgram Firing: Shooting over Holi Dispute, House Vandalized
सांकेतिक फोटो REP

मध्यमग्राम में रंग खेलने के विवाद में चली गोलियां, गुस्साए लोगों ने किया घर में तोड़फोड़

Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

मध्यमग्राम: उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में शुक्रवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका दहल उठा। मध्यमग्राम थाना अंतर्गत विपिन बिहारी स्कूल के पास स्थित किशोर संघ क्लब के सामने हुई इस घटना ने स्थानीय निवासियों में भारी दहशत पैदा कर दी है। घटना की जड़ में होली के दौरान रंग खेलने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।

क्या है मामला?

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कोड़ा आदर्श पल्ली निवासी सायन पात्र के घर होली के दिन उसके कुछ परिचित रंग खेलने आए थे। उसी दौरान इलाके के एक क्लब के सदस्यों के साथ सायन के दोस्तों की तीखी नोकझोंक हुई थी। आरोप है कि इसी रंजिश का बदला लेने के लिए शुक्रवार की रात बाइक सवार कुछ युवक सायन के घर के पास पहुंचे और दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवा में फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनकर जब स्थानीय लोग घरों से बाहर निकले, तो हमलावर मौके से फरार हो गए।

गुस्साए लोगों का हंगामा

फायरिंग की घटना से आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने सायन पात्र के घर पर हमला बोल दिया। उत्तेजित भीड़ ने सायन के घर पर ईंट-पत्थर बरसाए और जमकर तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलते ही मध्यमग्राम थाने की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। फिलहाल सायन पात्र फरार बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस गोलीबारी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in