madhyamgram
REP

माता-पिता को प्रताड़ित करने से मना किया तो पंचायत सदस्य को मार दी गोली

मध्यमग्राम पुलिस ने अभियुक्त को किया गिरफ्तार
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

बारासात: पारिवारिक विवाद सुलझाने पहुंचे तृणमूल कर्मी शाहदुल इस्लाम (32) को कुछ लोगों ने गोली मार दी। गोली बाएं हाथ को चीरती हुई सीने में जा धंसी। शाहदुल को गंभीर अवस्था में बारासात जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे कोलकाता के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। यह घटना बुधवार की देर रात मध्यमग्राम थाना अंतर्गत रोहांडा चंडीगढ़ पंचायत के गोपालपुर इलाके में घटी। पुलिस ने गोलीबारी के इस मामले में मुख्य अभियुक्त रियाजुल इस्लाम को गिरफ्तार कर गुरुवार को उसे बारासात कोर्ट में पेश किया। मिली जानकारी के अनुसार रियाजुल अपने माता-पिता को प्रताड़ित करता था। उनके साथ संपत्ति को लेकर विवाद करता था और मारता-पीटता था जिस पर पीड़ित माता-पिता ने स्थानीय पंचायत सदस्य व तृणमूल बूथ अध्यक्ष शाहदुल इस्लाम से मदद मांगी थी। इसपर शाहदुल बुधवार की शाम रियाजुल के घर पहुंचे थे। उनके साथ अन्य पंचायत सदस्य व अन्य कार्यकर्ता भी थे। जब रियाजुल ने यह समझाने की कोशिश की कि वह अपने माता-पिता को इस तरह से प्रताड़ित ना करे तो रियाजुल ने शाहदुल इस्लाम पर अचानक तीन राउंड गोलियां चला दीं। दो गोलियां लक्ष्य भटक गयीं जबकि एक गोली शाहदुल को लगी। गोलियों की आवाज सुनकर स्थानीय पंचायत सदस्य और अन्य कार्यकर्ता घायल शाहदुल को तुरंत बारासात मेडिकल कॉलेज ले आए। शाहदुल इस्लाम की हालत बिगड़ने पर उन्हें आरजी कर मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित कर दिया गया। वहीं इस घटना को लेकर इलाके के लोग अभियुक्त पर भड़क उठे। उन्होंने रियाजुल की गिरफ्तारी व उसके विरुद्ध सख्त कदम उठाने की मांग पर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। वहीं गोलीबारी की शिकायत पाकर मध्यमग्राम थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और रियाजुल को गिरफ्तार कर लिया।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in