

पर्यावरण संरक्षण में योगदान की सराहना
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : तटीय एवं द्वीपीय पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण हेतु दिए जाने वाले “समीर आचार्य स्मृति पुरस्कार” से इस वर्ष सामाजिक पर्यावरणविद् माधुरी मंडल को सम्मानित किया गया। यह समारोह स्वर्गीय समीर आचार्य की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें उनकी पुत्री समहिता वेदा आचार्य ने द्वीपों में उनके पर्यावरण संरक्षण संबंधी योगदानों को रेखांकित किया। समारोह में समीर आचार्य के करीबी सहयोगी डेनिस गाइल्स ने उनके कार्यों तथा माधुरी मंडल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। माधुरी मंडल को वंडूर पंचायत में स्वच्छता एवं मासिक धर्म अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में अग्रणी कार्य के लिए चुना गया। उन्होंने द्वीपों में सेनेटरी वेस्ट प्रबंधन की चुनौतियों को देखते हुए टिकाऊ मासिक धर्म उत्पादों को बढ़ावा देने की पहल की। पिछले डेढ़ वर्ष में उनकी टीम ने दक्षिण अंडमान की 1200 से अधिक महिलाओं को टिकाऊ उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया, जिनमें से लगभग 400 महिलाएं मेंस्ट्रुअल कप, पीरियड पैंटी और कपड़े के पैड जैसे विकल्प अपनाकर गैर-जैविक अपशिष्ट को काफी हद तक कम कर चुकी हैं। समारोह में गीतांजलि आचार्य एवं श्रीमती पुष्पांजलि राजू द्वारा पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर पूर्व पुरस्कार विजेता चंचल सिंघा रॉय, मोहम्मद हुसैन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों की सराहना के रूप में देखा जा रहा है।