

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में पिछले कुछ दिनों से जारी लो प्रेशर का असर अब कमजोर होने लगा है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। ओडिशा-आंध्र सीमा से उठा डीप डिप्रेशन अब कमजोर होकर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा के पास पहुंच चुका है और रविवार को भी हल्की बारिश दर्ज की गई है, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल पर इस सिस्टम का सीधा प्रभाव अब नहीं है। हालांकि मानसून अभी पूरी तरह से विदा नहीं हुआ है, इसलिए अगले सप्ताह तक राज्य के जिलों में हल्की से मध्यम छिटपुट बारिश का दौर रुक-रुक कर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने उत्तर या दक्षिण बंगाल के किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। समुद्र में स्थिति सामान्य होने से मछुआरों के लिए चेतावनी भी हटा ली गई है।
हल्की फुहारों से बदला मौसम
मौसम में आए इस बदलाव से कोलकाता की हवा में एक नया अहसास घुल गया है, जहां धूप और बादलों की लुकाछिपी के बीच पतझड़ जैसा खुशनुमा माहौल बन रहा है। रविवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री कम यानी 30.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। फिलहाल किसी भी नई प्राकृतिक आपदा या भारी बारिश की कोई आशंका नहीं है, और आने वाले दिनों में शहरवासियों को सुहाना मौसम मिलने की पूरी उम्मीद है।