

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है, जिसका सीधा असर पश्चिम बंगाल के कई जिलों पर पड़ेगा। इस मौसमी हलचल के चलते दक्षिण बंगाल में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। हालांकि सोमवार की शाम से ही कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के लगभग सभी जिलों में लगातार बारिश हो रही है। आईएमडी की चेतावनी के अनुसार बुधवार से ही उत्तर और दक्षिण 24 परगना के अलावा पूर्व और पश्चिम मिदनापुर के तटीय इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो जाएगी।
मछुआरों के लिए अलर्ट जारी
15 अगस्त तक इन जिलों के साथ-साथ झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया और पश्चिम बर्धमान में भी भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान समुद्र की स्थिति बेहद खतरनाक रहने वाली है, इसलिए मछुआरों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे 15 अगस्त तक पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटों के पास समुद्र में बिल्कुल न उतरें, क्योंकि वहां 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
कोलकाता समेत कई जिलों में सोमवार रात हुई भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया था। आंकड़ों के मुताबिक, महज 24 घंटों में उत्तर कोलकाता के दमदम इलाके में 101 मिलीमीटर, जबकि दक्षिण कोलकाता के अलीपुर में 62 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस मूसलधार बारिश के कारण कई मुख्य सड़कों पर पानी भर गया, जिससे मंगलवार की सुबह ट्रैफिक की रफ्तार काफी धीमी रही। वहीं दूसरी ओर उत्तर बंगाल के जिलों में भी राहत का यह दौर ज्यादा लंबा नहीं टिकेगा।