

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, लिलुआ झील रोड इलाके से तीन महिलाएं 12 पैकेटों में भरकर करीब 120 लीटर अवैध कच्ची शराब लेकर भगाड़ क्षेत्र की ओर सप्लाई देने जा रही थीं। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पहले से ही इलाके में घेराबंदी कर रखी थी। जैसे ही तीनों महिलाएं वहां पहुंचीं, पुलिस ने उन्हें रंगे हाथ धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से शराब की पूरी खेप बरामद हुई, जिसे पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया।
पकड़ी गई तीनों महिलाओं को लिलुआ थाने लाकर कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह बड़ी खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे किन-किन लोगों को डिलीवर किया जाना था। शुरुआती जांच में अवैध शराब के एक संगठित नेटवर्क के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और इस गिरोह के बाकी सदस्यों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में अवैध शराब के धंधे पर लगाम लगाने के लिए पुलिस निगरानी और बढ़ा दी गई है।