

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिलुआ थाना परिसर में व्यापक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ आंखों और दांतों की भी जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर परामर्श दिया और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने भी लिया हिस्सा
शिविर में हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ-1 की असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (एसीपी) संबिती चक्रवर्ती, आईसी लिलुआ सहित अन्य पुलिस अधिकारी और बल के जवान मौजूद रहे। शिविर का उद्देश्य पुलिस परिवारों को उनके कार्यस्थल के करीब ही आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।
विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से आयोजन
यह स्वास्थ्य शिविर उथान फाउंडेशन ट्रस्ट (एनजीओ) के सहयोग से आयोजित किया गया। इसमें चार्नॉक लोहिया अस्पताल, रोटरी टेक्नो नेत्रालय और गुरु नानक इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंस एंड रिसर्च की मेडिकल टीमों ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ ने मरीजों की जांच कर स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सलाह दी।
पुलिसकर्मियों की व्यस्त और चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के बीच उनके स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने वाली इस पहल की सराहना की गई। आयोजकों ने कहा कि जो लोग समाज की सुरक्षा में दिन-रात जुटे रहते हैं, उनके स्वास्थ्य और परिवार की देखभाल भी उतनी ही जरूरी है।