छह महीने से जलमग्न है लिलुआ की यह बस्ती !

नाव के सहारे आने-जाने को मजबूर हैं लोग,जनजीवन अस्त-व्यस्त, स्कूल और दफ्तर पहुंचना बना चुनौती
Liluah Amtala Area Submerged for Six Months Residents Use Boats
लिलुआ के भट्टोनगर में टायर के ट्यूब का नाव बनाकर आने-जाने को मजबूर लोग
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के शिवपुर विधानसभा के तहत वार्ड नंबर 50 स्थित लिलुआ भट्टनगर बालक संघ क्लब के पास आमतला इलाके के निवासी पिछले छह महीनों से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे हैं। घुटनों से ऊपर तक भरे गंदे पानी के बीच लोगों को रोजमर्रा के कामकाज के लिए घर से निकलना पड़ रहा है। कई स्थानों पर लोग अस्थायी बेड़ों के सहारे आवागमन कर रहे हैं, जबकि बच्चों को स्कूल और कर्मचारियों को कार्यालय पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय रोशनी कम होने या बिजली गुल होने पर दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात आते ही पिछले करीब 15 वर्षों से यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

पीने के पानी का संकट गहराया, बीमारी का बढ़ा खतरा

जलभराव के कारण इलाके के अधिकांश पानी के नल डूब चुके हैं, जिससे स्वच्छ पेयजल का संकट पैदा हो गया है। सरकारी जलापूर्ति नियमित नहीं होने का आरोप लगाते हुए लोगों का कहना है कि उन्हें लिलुआ स्टेशन रोड से पैसे देकर पीने का पानी खरीदना पड़ रहा है। इससे आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और डेंगू सहित जलजनित बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कर इलाके को सामान्य स्थिति में लाने की मांग की है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in