राज्य के सरकारी स्कूलों में LIC चलाएगा हर घर बीमा अभियान

स्कूलों में लगेगा LIC का हर घर बीमा कैंप
राज्य के सरकारी स्कूलों में LIC चलाएगा हर घर बीमा अभियान
Published on

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में छात्रों के जरिए जीवन बीमा की पहुंच बढ़ाने के लिए भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) एक विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में एक नया निर्देश जारी किया है, जिसके तहत कोलकाता सहित पूरे राज्य में 'हर घर बीमा' अभियान के तहत जागरूकता कैंप आयोजित किए जाएंगे। जिला स्कूल निरीक्षक ने शहर के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को पत्र लिखकर इस कार्यक्रम में पूरा सहयोग करने को कहा है। यह कदम LIC की जवाहरलाल नेहरू रोड शाखा के प्रभारी प्रबंधक के विशेष अनुरोध पर उठाया गया है। शिक्षा निदेशालय की आधिकारिक मंजूरी और स्थानीय प्रशासकों की सहमति के बाद ही स्कूलों में इन शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

बीमा अभियान से पढ़ाई प्रभावित न हो, विभाग का निर्देश

विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार स्कूलों को यह सुनिश्चित करना होगा कि शिक्षण कार्य प्रभावित न हो। साथ ही, कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने से पहले स्कूल प्रशासकों से परामर्श करना अनिवार्य किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि कम उम्र से ही वित्तीय सुरक्षा और बीमा के महत्व को समझने से भविष्य में एक जागरूक समाज का निर्माण होगा। बंगीय शिक्षक व शिक्षा-कर्मी समिति के महासचिव स्वपन मंडल ने इस पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि आज के समय में बीमा के बारे में लगभग सभी लोग जागरूक हैं, इसलिए स्कूलों के भीतर इस तरह के विशेष अभियान की कोई खास आवश्यकता नहीं है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in