चाय बागान से तेंदुए का क्षत-विक्षत शव बरामद, मौत पर रहस्य!

चाय बागान से तेंदुए का क्षत-विक्षत शव बरामद, मौत पर रहस्य!
Munmun
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कालचीनी : चाय बागान से तेंदुए का क्षत-विक्षत शव बरामद होने से सनसनी फैल गई है। घटना डुआर्स के अलीपुरदुआर जिले के कालचीनी प्रखंड के मेचपाड़ा चाय बागान की है। इस दिन बागान के श्रमिकों ने मेचपाड़ा 8 नंबर इलाके में चाय बागान के सेक्शन नंबर 20 में एक तेंदुए के शव को देखा। शव क्षत-विक्षत अवस्था में था। यह देख लोग काफी घबरा गए और इसकी जानकारी वन विभाग को दी। खबर फैलते ही घटनास्थल पर काफी लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। खबर मिलते ही बक्सा टाइगर रिजर्व के वनकर्मी और अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इलाके में जांच शुरू करने के बाद वन विभाग के कर्मियों ने तेंदुए के शव को बरामद किया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार तेंदुए के शरीर पर आघात के निशान हैं, संभवत: दो तेंदुओं के बीच संघर्ष व लड़ाई में यह हुआ होगा, लेकिन अब भी तेंदुए की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटनास्थल पर वन विभाग के वेटरनरी चिकित्सक व विशेष टीम भी मौके पर पहुंची थी। टीम ने पूरे इलाके को स्कैनिंग कर जांच पड़ताल की। वन विभाग के सूत्रों के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराया जायेगा, जिसके बाद मौत का असली कारण पता चल सकेगा। वन विभाग ने घटना की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से श्रमिकों में हड़कंप मच गया है। इस विषय पर चाय बागान के श्रमिकों में से भीम लामा ने कहा कि हमारे चाय बागान में काफी सारे तेंदुए हो गए हैं, तेंदुए के आक्रमण से श्रमिक भी घायल होते रहते हैं, हर वक्त श्रमिकों को डरकर काम करना पड़ता है। बुधवार की घटना से सभी श्रमिक और भी डर गए हैं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in