निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बनगांव : उत्तर 24 परगना के बनगाँव में आयोजित एक कार्यक्रम को लेकर हुए विवाद में अब नया मोड़ आ गया है। जेल से रिहा होने के बाद कार्यक्रम के आयोजक तनय शास्त्री ने अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती को कानूनी नोटिस भेजा है। वकील तरुणज्योति तिवारी के माध्यम से भेजे गए इस नोटिस में मिमी से न केवल माफी मांगने को कहा गया है, बल्कि भारी जुर्माने की भी मांग की गई है। फिलहाल इस मामले पर अभिनेत्री की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
कानूनी नोटिस में मुख्य रूप से तीन मांगों का उल्लेख किया गया है। पहला, आयोजक का दावा है कि मिमी को इस कार्यक्रम के लिए 2 लाख 65 हजार रुपये का भुगतान किया गया था। उन्हें रात 9:30 बजे पहुंचना था, लेकिन वह करीब दो घंटे की देरी से रात 11:30 बजे पहुंचीं, जिससे कार्यक्रम प्रभावित हुआ। इसलिए वह पारिश्रमिक वापस मांगा गया है। दूसरा, तनय शास्त्री का कहना है कि मिमी की शिकायत के कारण उन्हें जेल जाना पड़ा, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुँची है। इसके बदले में 20 लाख रुपये के मुआवजे की मांग की गई है। तीसरा, मिमी को 48 घंटे के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की चेतावनी दी गई है, अन्यथा उनके खिलाफ दीवानी और फौजदारी मानहानि का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
क्या था मामला?
विवाद की शुरुआत 25 जनवरी को हुई थी, जब बनगाँव के नयागोपालगंज युवक संघ के कार्यक्रम में मिमी मुख्य अतिथि थीं। क्लब के सदस्यों का आरोप था कि मिमी बहुत देरी से आईं और जब तक वह मंच पर पहुंचीं, कार्यक्रम की अनुमति का समय (रात 12 बजे) समाप्त होने वाला था। इस दौरान हुई कहासुनी के बाद मिमी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके साथ बदसलूकी और उत्पीड़न हुआ है। इसी शिकायत के आधार पर तनय शास्त्री को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें 12 फरवरी को जमानत मिली है।