

सन्मार्ग संवाददाता
मिरिक : अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस एलबी राई को पहाड़ में चेयरमेन और शांता छेत्री को अध्यक्ष पद पर बनाए रखा है। एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह जानकारी 16 मई को सार्वजनिक की गई थी। इस दौरान राज्य के जिलों में संगठन के अध्यक्षों के नामों की घोषणा की गई थी। एलबी राई ने पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी, शीर्ष नेता अभिषेक बनर्जी और अरूप बिस्वास के प्रति आभार जताया है। इसके साथ ही संकल्प लिया है कि पार्टी की विचारधारा को जमीनी स्तर पर ले जाएंगे और पार्टी की नीति और विचारों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएंगे। राई ने कहा कि उनका लक्ष्य पहाड़ में पार्टी का विस्तार करना और राज्य में ममता सरकार की जनहित में बनायी गई योजनाओं को लागू करना है। उन्होंने पार्टी के विकास में योगदान करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद दिया। मिरिक नगर पालिका के प्रशासक के रूप में राई 2017 से आमलोगों के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी के संगठन का विस्तार हुआ है। आम लोगों के साथ करीबी संबंध होने के कारण लोग राई को जमीनी स्तर का नेता बताते हैं। राई को अपने पद पर बनाए रखना उनमें पार्टी के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने पार्टी के लक्ष्य को पूरा करने की शपथ ले रखी है। एलबी राई और शांता छेत्री ने 19 मई को तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के साथ उत्तर बंगाल की यात्रा पर आयी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बागडोगरा हवाई अड्डे पर भब्य स्वागत किया। इसके बाद राई ने संवाददाताओं से कहा कि सीएम ने उन्हें जिम्मेदारी के साथ काम करने की सलाह दी है। राई ने प्रमुख विकास परियोजनाओं के बारे में भी उन्हें जानकारी दी। इनमें अमृत परियोजना भी शामिल है। इस योजना में 200 करोड़ रुपए का निवेश करके शहर के बुनियादी ढांचे में सुधार करना है। इस परियोजना में पाइप लाइन बिछाए जाने का कार्य भी शामिल है। टैंक निर्माण के लिए निविदा आमंत्रित की जानी है। राई ने मिरिक झील के सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा की जिस पर 11 करोड़ रुपए की लागत आएगी। इस योजना में पार्क विकास, उद्यान निर्माण, पेड़ और फूल के पौधे लगाना और झील क्षेत्र के आसपास सड़क निर्माण शामिल है। यह प्रस्ताव सरकार को भेज दिया गया है और राई को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए हरी झंडी मिल गई है। डेढ़ महीने के भीतर उद्यान पर काम शुरू होने की उम्मीद है। राई ने मिरिक और अन्य नगरपालिकाओं का चुनाव कराने की इच्छा जताई है। कोर्ट में दायर मामलों के कारण इसमें देर हो रही है। राई ने आश्वासन दिया कि पार्टी चुनावों के लिए तैयार है और आलाकमान के निर्देश का इंतजार कर रही है।