

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : श्री विजयपुरम के रंगत क्षेत्र में स्थित महत्वपूर्ण हवा महल पुल के नीचे अचानक भूस्खलन हो गया, जिससे पुल का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया। यह पुल उत्तर और मध्य अंडमान को जोड़ने वाला एक अहम मार्ग है। पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण कुछ घंटों तक यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। इस घटना से क्षेत्र के स्थानीय लोगों में चिंता और नाराजगी की लहर दौड़ गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भूस्खलन के कारण पुल के एक किनारे का ढांचा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। प्रशासन ने तत्काल अस्थायी मरम्मत कार्य शुरू किया है। मरम्मत में मिट्टी और अन्य अस्थायी सुरक्षा सामग्री का उपयोग किया गया है ताकि छोटे वाहनों के लिए मार्ग खोला जा सके। हालांकि, स्थानीय लोगों का मानना है कि यह अस्थायी व्यवस्था अधिक दिनों तक टिक नहीं पाएगी और इस स्थिति में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि छोटे वाहन तो किसी तरह पुल पार कर पा रहे हैं, लेकिन भारी वाहनों की आवाजाही कई घंटों तक रोक दी गई थी। फिलहाल यातायात सामान्य हो गया है, लेकिन पुल की स्थिति को लेकर स्थानीय लोग चिंतित हैं और प्रशासन से जल्द से जल्द स्थायी मरम्मत करने की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि मीडिया और सामाजिक संगठनों द्वारा पुल की जर्जर स्थिति पर कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन प्रशासन ने अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। उन्हें प्रशासन की इस उदासीनता से निराशा हुई है, क्योंकि यह पुल जनसुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मौके पर तहसीलदार समेत राष्ट्रीय राजमार्ग और अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड के अधिकारी भी पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। बावजूद इसके, अभी तक स्थायी मरम्मत का कोई कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
जनता ने प्रशासन से अपील की है कि हवा महल पुल का शीघ्र पुनर्निर्माण किया जाए ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके और लोगों की जान-माल का सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। प्रशासन से उम्मीद है कि वह स्थानीय लोगों की इस मांग पर जल्द ध्यान देगा और आवश्यक कदम उठाएगा।