लैंड पॉलिसी में होगा सुधार, 100 करोड़ से अधिक निवेश पर मिलेंगी सुविधाएं

अगर कोई पर्यावरण के अनुकूल और रोजगारपरक उद्योग लगाता है तथा स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता दी जाती है, तो हम सौ प्रतिशत सकारात्मक भूमिका निभाएंगे : सीएम
लैंड पॉलिसी में होगा सुधार, 100 करोड़ से अधिक निवेश पर मिलेंगी सुविधाएं
Published on

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : सीएम शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को एक कार्यक्रम में कहा कि बंगाल में उद्योग के लिए अनुकूल माहौल है। अगर कोई रोजगार देने वाला उद्योग लगाना चाहता है तो सरकार उसका साथ देगी। सीएम ने कहा, “हम लोगों ने लॉ एंड ऑर्डर ठीक किया है। अगर कोई पर्यावरण के अनुकूल और रोजगारपरक उद्योग लगाता है तथा स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता दी जाती है, तो हम सौ प्रतिशत सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।” उन्होंने कहा कि इस बार आठ महीने में बजट पेश किया गया है, जिसमें उद्योग क्षेत्र को प्राथमिकता दी गई है। पिछली सरकार ने इंसेंटिव टर्म को ही हटा दिया था।

सीएम ने कहा, “हम लोग ऐसी पॉलिसी की ओर जाएंगे, जिसमें नंदीग्राम की तरह गोली भी नहीं चलानी पड़ेगी और पहले के मुख्यमंत्री की तरह खुद ही जमीन खरीदने की नीति भी नहीं होगी।” उन्होंने पहले की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा, “मैं एचडीए चेयरमैन के तौर पर 3 एकड़ जमीन खरीदने गया था। नंदीग्राम बाइपास बनाया जाना था। उस जमीन के 132 मालिक सामने आए। उनमें से 129 लोग चेक लेकर चले गए। बाकी तीन लोगों ने चेक नहीं लिया। समझदारी से उन तीनों को भी राजी कर लिया गया था।”

सीएम ने कहा कि इसलिए किसी भी उद्योगपति को बाहर जमीन खरीदने के झंझट में नहीं पड़ना होगा। इस व्यवस्था में सुधार किया गया है। जमीन सरकार देगी। उन्होंने कहा कि लैंड पॉलिसी में काफी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि 100 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने वालों को निगम, पंचायत या जिला परिषद के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि सभी आवश्यक अनुमतियां एक ही छत के नीचे मिलेंगी। वाम शासन के दौर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हर महीने हड़ताल देखने को मिलती थी। बैरकपुर से लेकर उत्तर हावड़ा और आसनसोल तक केवल लॉकआउट की स्थिति थी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in