उत्तर बंगाल में महाकाल मंदिर के लिए भूमि आवंटित

नया कन्वेंशन सेंटर भी बनेगा
महाकाल मंदिर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
महाकाल मंदिर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
Published on: 

कोलकाता: राज्य सरकार ने दीघा में जगन्नाथ मंदिर और आगामी दुर्गांगन परियोजना के बाद अब उत्तर बंगाल में महाकाल मंदिर निर्माण की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को नवान्न में हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बाद राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने बताया कि माटीगाड़ा स्थित महाकाल मंदिर परियोजना के लिए आधिकारिक रूप से जमीन आवंटित कर दी गई है।

वित्त मंत्री के अनुसार, पहले लक्ष्मी टाउनशिप एंड होल्डिंग्स लिमिटेड के लीज पर रही 25.15 एकड़ जमीन एसजेडीए को दी जाएगी, जिसमें से 17.41 एकड़ खाली जमीन पर्यटन विभाग को इंटर-डिपार्टमेंटल ट्रांसफर के तहत सौंपी जाएगी। यह जमीन माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के उजानो और गौड़चरन मौजा में स्थित है।

यहां महाकाल मंदिर के साथ सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र भी विकसित किया जाएगा। बैठक में एक और अहम निर्णय लिया गया जिसमें उत्तर बंगाल में नए कन्वेंशन सेंटर का निर्माण शामिल है। दार्जिलिंग जिले के डाबग्राम मौजा में एशियन हाईवे-2 के पास ‘तीस्ता टाउनशिप’ क्षेत्र में 10 एकड़ जमीन पर यह केंद्र बनाया जाएगा।

फिलहाल राज्य में कोलकाता और दीघा में दो बड़े कन्वेंशन सेंटर मौजूद हैं। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से उत्तर बंगाल धार्मिक पर्यटन, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और सांस्कृतिक आयोजनों का नया केंद्र बन सकेगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News