

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहलगाम न जाकर बिहार के चुनावी सभा में संबोधन के गौरव गोगोई के दावे पर ललन सिंह ने कहा कि 24 अप्रैल को पंचायती राज दिवस था, जब पीएम मोदी मधुबनी में पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करने गए थे। वहां, पीएम मोदी ने पहली बार पहलगाम की घटना पर बात की और उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को उनकी कल्पना से परे जवाब मिलेगा।
भारत के सशक्त, सफल और निर्णायक 'ऑपरेशन सिंदूर' पर विशेष चर्चा के दौरान लोकसभा में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने भी अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों के आरोपों पर पलटवार किया और केंद्र सरकार की कार्रवाई का समर्थन किया। उन्होंने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के हर सवाल का जवाब दिया और उनके सभी आरोपों को खारिज किया।
पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि गौरव गोगोई ने एक भी काम की बात नहीं की। उन्होंने सेना की वीरता और साहस की एक बार भी प्रशंसा नहीं की। आपकी नजर में सैनिकों का कोई महत्व नहीं है। आतंकी घटना आज की नहीं है। देश में 2004 से 2014 तक आतंकवाद पनपा है। आतंक को पनाह दी गई। 2004 से 2014 तक आतंकी घटनाओं में 615 लोग मारे गए। हजारों लोग घायल हुए। आप पूछ रहे हैं कि पहलगाम में आतंकी कैसे घुसे। मुंबई के 26/11 हमले में दहशतगर्द कहां से आए थे? आपको यह बताना चाहिए था। आपके में तो आतंकवाद से लड़ने की न तो हिम्मत थी, न कार्रवाई करने का दम। आप बस घड़ियाली आंसू बहाते थे।