लाडकी बहिन योजना कभी खत्म नहीं होगी : शिंदे

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दिया बयान
लाडकी बहिन योजना कभी खत्म नहीं होगी : शिंदे
Published on: 

ठाणे (महाराष्ट्र) : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि महिलाओं के लिए राज्य सरकार की प्रमुख ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना’ कभी खत्म नहीं की जाएगी। लाडकी बहिन योजना के तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये धनराशि प्रति माह दी जाती है।

ऐसा माना जाता है कि पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन को शानदार जीत दिलाने में इसी योजना का योगदान रहा। शिंदे ने यह बात उस समय बोली जब नवी मुंबई से उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी शिवसेना (उबाठा) के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनकी शिवसेना में शामिल हो गए। इस समूह का नेतृत्व शिवसेना (उबाठा) के पदाधिकारी रतन मांडवी ने किया।

शिंदे ने कहा कि लोग शिवसेना में इसलिए शामिल हो रहे हैं क्योंकि वे विकास चाहते हैं। कल्याणकारी योजनाओं पर चिंताओं को लेकर शिंदे ने कहा कि लाडकी बहिन कार्यक्रम कभी नहीं रोका जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया और नागरिकों से गलत सूचनाओं पर विश्वास नहीं करने का आग्रह किया। शिवसेना प्रमुख ने अपनी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र को पूरी तरह लागू करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि हम छपाई संबंधी गलतियों जैसी बहानेबाजी नहीं करेंगे। मैं जो आश्वासन देता हूं, वह होगा और जो संभव नहीं है वह नहीं होगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News