

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : नये साल के पहले सोमवार की शुरुआत ही कोलकातावासियों के लिए परेशानी भरी रही। सप्ताह के पहले कार्यदिवस पर एक बार फिर कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन पर सेवाएं बाधित हो गईं, जिससे सुबह-सुबह ऑफिस जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोग जब रोज़ की तरह घर से निकलकर मेट्रो स्टेशनों पर पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि मेट्रो सेवाएं प्रभावित हैं और कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।
मेट्रो रेलवे की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7 बजे ब्लू लाइन मेट्रो सेवा में अचानक रुकावट आ गई। इसके बाद शहीद खुदीराम से दक्षिणेश्वर जाने वाली दो मेट्रो ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। सेवा शुरू होने के कुछ ही मिनटों बाद इस तरह की स्थिति बनने से प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्री असमंजस में पड़ गए। काफी देर तक स्थिति स्पष्ट नहीं की गई, जिससे यात्रियों की नाराज़गी और बढ़ गई।
कुछ समय बाद मेट्रो की ओर से घोषणा की गई कि महानायक उत्तम कुमार (टॉलीगंज) से दक्षिणेश्वर तक मेट्रो चलाई जाएगी। वहीं, दक्षिणेश्वर से महानायक उत्तम कुमार तक भी सेवाएं जारी रहने की बात कही गई। हालांकि, असली समस्या ब्लू लाइन के मध्य हिस्से में थी। कुदघाट से शहीद खुदीराम तक अप और डाउन दोनों लाइनों पर मेट्रो सेवा पूरी तरह रोक दी गई।
इस सेक्शन में ट्रेनें न चलने के कारण कई यात्रियों को रास्ते में ही उतरना पड़ा। मजबूरी में लोगों को बस, ऑटो और टैक्सी का सहारा लेना पड़ा। सोमवार की सुबह पहले से ही व्यस्त सड़कों पर मेट्रो यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ आ जाने से ट्रैफिक की स्थिति और भी बिगड़ गई। देर से दफ्तर पहुंचने की चिंता में यात्रियों में गुस्सा साफ देखा गया। हालांकि मेट्रो रेलवे के अधिकारी अब तक सेवा बाधित होने की स्पष्ट वजह नहीं बता पाए हैं। बार-बार मेट्रो सेवाओं में आ रही रुकावटों से यात्री खासे नाराज़ हैं और बेहतर प्रबंधन की मांग कर रहे हैं।