

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता सीमा शुल्क क्षेत्र द्वारा भारत सरकार की पैन-इंडिया पहल के अंतर्गत 19 सितंबर 2026 को हावड़ा स्थित सरत सदन ऑडिटोरियम में 20वें रोज़गार मेले का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में भारत सरकार के माननीय राज्य मंत्री (पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग) श्री शांतनु ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर श्री विनायक आज़ाद, प्रधान आयुक्त (CCP), श्री नसीम अरशी, प्रधान आयुक्त (पोर्ट), सुश्री आरती सक्सेना, आयुक्त (AP एवं ACC), श्री देबज्योति चक्रवर्ती, आयुक्त (अपील) सहित सीमा शुल्क विभाग के अनेक वरिष्ठ एवं विशिष्ट अधिकारी उपस्थित रहे।
विभिन्न सरकारी संगठनों एवं विभागों, जैसे सीमा शुल्क, CGST, डाक विभाग, रेलवे, रक्षा लेखा विभाग, बैंक आदि में नियुक्ति पाने वाले कुल 100 अभ्यर्थियों को माननीय राज्य मंत्री एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा नियुक्ति पत्र (Offer of Appointment) प्रदान किए गए।
इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया और अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
यह आयोजन युवाओं को सशक्त बनाने तथा उन्हें सार्थक एवं स्थायी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रति भारत सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।