कलकत्ता और बर्दवान विश्वविद्यालय में एलएलबी में दाखिले की प्रक्रिया शुरू

25 सितंबर तक करें आवेदन
कलकत्ता विश्वविद्यालय
कलकत्ता विश्वविद्यालय
Published on

केडी पार्थ

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में कानून की पढ़ाई करने के इच्छुक छात्रों के लिए खुशखबरी है। कलकत्ता विश्वविद्यालय और बर्दवान विश्वविद्यालय में पांच वर्षीय एलएलबी (बैचलर ऑफ लॉ) कोर्स में दाखिले के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राज्य उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार दुर्गा पूजा से पहले स्नातक स्तर के सभी पाठ्यक्रमों में दाखिला प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसी निर्देश के तहत कलकत्ता विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन 15 सितंबर से शुरू हो गया है, जो 25 सितंबर तक चलेगा। इच्छुक उम्मीदवारों को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कला, विज्ञान या वाणिज्य किसी भी शाखा में बारहवीं (उच्च माध्यमिक) उत्तीर्ण होना चाहिए। प्रवेश के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं।

प्रवेश प्रक्रिया

कलकत्ता विश्वविद्यालय में दाखिला कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) के माध्यम से होगा। परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को काउंसलिंग के बाद सीट आवंटित की जाएगी। दूसरी ओर, बर्दवान विश्वविद्यालय लिखित परीक्षा और काउंसलिंग के जरिए छात्रों का चयन करेगा। दोनों विश्वविद्यालयों में सीट आवंटन पूरी तरह मेरिट और परीक्षा के प्रदर्शन पर आधारित होगा।

कक्षाएं और संबद्ध कॉलेज

कलकत्ता विश्वविद्यालय न केवल अपने मुख्य कैंपस में बल्कि 13 संबद्ध लॉ कॉलेजों में भी एलएलबी की कक्षाएं संचालित करेगा। वहीं, बर्दवान विश्वविद्यालय में मुख्य कैंपस के साथ-साथ गवर्नमेंट सेंटर ऑफ लीगल एजुकेशन, बंगाल लॉ कॉलेज, एमे़क्स लॉ कॉलेज और जॉर्ज स्कूल ऑफ लॉ में भी पढ़ाई का अवसर मिलेगा।

सीटें और शुल्क

कलकत्ता विश्वविद्यालय और उसके संबद्ध कॉलेजों में कुल 1,914 सीटें उपलब्ध हैं, जबकि बर्दवान विश्वविद्यालय में 480 सीटों पर दाखिला होगा। आवेदन शुल्क कलकत्ता विश्वविद्यालय के लिए 800 रुपये और बर्दवान विश्वविद्यालय के लिए 250 रुपये निर्धारित किया गया है।

इच्छुक छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन पत्र भर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा की तारीख और अन्य विवरण भी वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। योग्य छात्रों के लिए यह अवसर कानून की पढ़ाई और करियर बनाने का महत्वपूर्ण मौका साबित हो सकता है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in