

भगवान खाटू श्याम के भक्तों के लिए जबर्दस्त खुशखबरी है । दरअसल, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राजस्थान के सुंदरपुरा में आधुनिक खाटू श्याम रेलवे स्टेशन बनाने की घोषणा की है। रेल मंत्री ने कहा है कि खाटू श्याम के भक्तों की सुविधा और सफर आसान बनाने के लिए सुंदरपुरा में आधुनिक खाटू श्याम रेलवे स्टेशन का निर्माण होगा।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा नया रेलवे स्टेशन
रेल मंत्री के मुताबिक, नया रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को सफर का बेहतर अनुभव मिल पाए। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बेहतर यात्री सुविधाएं, सुगम आवागमन और आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद खाटू श्याम धाम आने वाले श्रद्धालुओं का सफर पहले की तुलना में और ज्यादा आसान व सुविधाजनक हो जाएगा।
सुंदरपुरा में बनेगा आधुनिक रेलवे स्टेशन
इसको लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट भी किया, जिसमें उन्होंने लिखा, ''श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम यात्रा के लिए सुंदरपुरा में आधुनिक खाटू श्याम रेलवे स्टेशन का निर्माण किया जाएगा।''