Khan Sir ने किया सरेंडर! गोलीकांड केस में पटना कोर्ट पहुंचे

हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज है मामला, कोचिंग सेंटर के बाहर रातभर डटे रहे छात्र
Khan Sir ने किया सरेंडर! गोलीकांड केस में पटना कोर्ट पहुंचे
Published on

पटना : चर्चित शिक्षक खान सर ने गोलीकांड मामले में शनिवार को पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पिछले कई दिनों से उनकी गिरफ्तारी को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन आखिरकार उन्होंने अदालत का रुख किया। उनके वकील ने पुष्टि की है कि खान सर पटना सिविल कोर्ट पहुंचे और सरेंडर की प्रक्रिया पूरी की।

दरअसल, बीते मंगलवार रात पटना के मुसल्लहपुर स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर गोलीबारी और हंगामे की घटना हुई थी। इस मामले में कदमकुआं थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, खान सर के अंगरक्षकों ने बयान में कहा है कि उन्होंने खान सर के निर्देश पर गोली चलाई थी।

इसी आधार पर पुलिस ने खान सर के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले के बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी और गिरफ्तारी की संभावना भी जताई जा रही थी।

शुक्रवार शाम से ही खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। देर रात तक पुलिस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचती रहीं, जबकि बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग के बाहर जमा रहे। पुलिस लगातार लाउडस्पीकर के जरिए छात्रों से घर लौटने की अपील करती रही, लेकिन सैकड़ों छात्र रातभर मौके पर डटे रहे।

बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद दो कोचिंग संस्थानों के बीच चल रहे तनाव से जुड़ा है। मामले में दूसरे संस्थान 'ज्ञान बिंदु' के संचालक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं खान सर के दो अंगरक्षक भी पुलिस की गिरफ्त में हैं।

अब तक इस मामले में कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। खान सर के सरेंडर के बाद इस हाई-प्रोफाइल मामले की कानूनी प्रक्रिया और तेज होने की संभावना है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in