रक्षाबंधन पर खान सर ने बनाया World Record, 7000 से ज्यादा लड़कियों से बंधवाई राखी, सामने आया VIDEO

रक्षाबंधन पर खान सर ने बनाया World Record, 7000 से ज्यादा लड़कियों से बंधवाई राखी, सामने आया VIDEO
Published on: 

पटना : पटना के फेमस ऑनलाइन ट्यूटर खान सर को अब पूरा देश जानने लगा है। लोग अक्सर उनके ज्ञान की तारीफ करते नजर आते हैं। सोशल मीडिया पर आए दिन उनकी कोई न कोई वीडियो देखने को मिल जाती है। कभी अपने फनी बोल तो कभी विवादित बयानों के चलते खान सर अक्सर सुर्खियों में छाए रहते हैं। अब रक्षाबंधन के इस त्योहार के अवसर पर खान सर एक बार फिर से लाइमलाइट में आ गए हैं। हालांकि इस बार ना तो वह किसी विवादित बयान के चलते सुर्खियों का हिस्सा बने हैं और ना ही अपने किसी अटपटे बोल के चलते।

…तो इसलिए बनें चर्चा का मुद्दा

इस बार खान सर 'राखी' के चलते चर्चा का मुद्दा बन गए हैं। दरअसल खान सर ने अपने कोचिंग सेंटर में रक्षाबंधन के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में उनके ढेरों छात्र शामिल हुए थे। जानकारी के मुताबिक, इस कार्यक्रम में 10 हजार से ज्यादा बच्चे आए थे, जिन्होंने अपने टीचर यानी खान सर को अपना भाई माना और उनकी कलाई पर राखी बांधी। रिपोर्ट्स की मानें तो खान सर को 7000 लड़कियों ने राखी बांधी। राखी का ये कार्यक्रम ढाई से तीन घंटे तक चला यानी ढाई घंटे तक लडकियां खान सर को राखी बांधती रहीं।

वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का दावा

सोशल मीडिया पर कई वीडियो और फोटोज़ भी वायरल हो रही हैं, जिसमें छात्राएं अपने टीचर को राखी बांधती नजर आ रही हैं। यहां तक कि खुद खान सर ने भी अपने इंस्टाग्राम और यूट्यूब अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें राखी से भरा उनका हाथ देखा जा सकता है। खान सर ने यह दावा भी किया है कि ये एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है क्योंकि पहले कभी किसी को इतनी ज्यादा राखियां नहीं बांधी गई हैं। उन्होंने कहा, 'मैं तो अब अपना हाथ भी नहीं उठा सकता। क्योंकि मेरे हाथ पर 7 हजार से ज्यादा राखियां बांधी गई हैं।' खान सर ने आगे यह भी कहा कि जब वह इन राखियों को खोलते वक्त गिनेंगे, तभी सही आंकड़ा बता पाएंगे कि उनके हाथों पर कितनी राखियां बांधी गईं। उन्होंने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से सभी लड़कियों से राखी बंधवाई।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News