

नवान्न से स्कूलों के लिए निर्देश जारी
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने स्कूल परिसरों को सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए एक व्यापक व महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नवान्न की उच्च-स्तरीय बैठक में लिए गए निर्णयों के आधार पर सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को आधिकारिक निर्देश भेज दिए गए हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को डेंगू के खतरे से बचाना और स्कूलों को ‘ग्रीन स्कूल’ के रूप में ढालना है। स्कूलों में बड़े पैमाने पर डेंगू के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है ताकि हर कोई बचाव के तौर-तरीकों से पूरी तरह अवगत हो सके। इसमें मच्छरों को पनपने से रोकने, जमा पानी को नियमित रूप से साफ करने और व्यक्तिगत सुरक्षा के उपायों पर विशेष जोर दिया गया है। विभाग की मंशा यह है कि बच्चे केवल स्कूल तक ही सीमित न रहें, बल्कि वे इस जीवनरक्षक संदेश को अपने घरों और पड़ोस तक पहुंचाकर पूरे समाज को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
स्कूल परिसरों को हरित बनाने की पहल
पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने और परिसरों को स्वच्छ रखने के लिए स्कूलों को ‘ग्रीन स्कूल’ में बदलने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत पारिस्थितिकी संतुलन और पर्यावरण के अनुकूल गतिविधियों को सही ढंग से लागू करने पर बल दिया जा रहा है। साथ ही स्कूलों को ‘स्वच्छ और हरित विद्यालय रेटिंग’ से जुड़ी सभी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए भी कहा गया है, जिससे जिला स्तर पर इन दोनों प्राथमिकताओं को एक साथ सफलतापूर्वक अमलीजामा पहनाया जा सके।