

पुणे : पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में आरोपी सिया गोयल और चेतन की आज वडगांव कोर्ट में पेशी हुई। अदालत ने दोनों को 5 दिन के लिए पुलिस कस्टडी में भेज दिया। अब सिया और चेतन 3 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में रहेंगे। पुलिस ने दोनों आरोपियों की दोबारा रिमांड की मांग की थी।
इससे पहले पूछताछ के लिए दोनों आरोपियों को लोनावला ग्रामीण पुलिस स्टेशन लाया गया। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें वडगांव पुलिस स्टेशन के लॉकअप में रखा गया। फिर दिन में दोनों को वडगांव कोर्ट में पेश किया गया।
हालांकि सिया गोयल के वकील आशुतोष श्रीवास्तव ने पुलिस कस्टडी बढ़ाने का विरोध किया और कहा कि आरोपों को सही जांच और ट्रायल के जरिए साबित किया जाना चाहिए।
सिया के वकील ने क्या कहा ?
वकील आशुतोष श्रीवास्तव ने कहा, "मेरी कोशिश रहेगी कि कस्टडी न बढ़े। आरोपी ने हर तरह से पुलिस का सहयोग किया है और सभी सवालों के जवाब दिए हैं। परिवार के सदस्यों ने भी अपना बयान दर्ज करवा दिया है। पुलिस को पूछताछ के लिए पर्याप्त समय मिल चुका है। आरोपी 20 साल की लड़की है, इसलिए मुझे लगता है कोर्ट भी इस पहलू को देखेगा और न्यायिक हिरासत में भेज देगा। इसके बाद हम कानूनी प्रक्रिया को बढ़ाएंगे।"
आशुतोष श्रीवास्तव ने कहा, "इस मामले में तथ्य कोई साफ संकेत नहीं देते। पहली नजर में ऐसा कोई बयान नहीं है जो हत्या की दिशा में इशारा करता हो। कुछ शक के अलावा मुझे इसमें ऐसा कुछ नहीं दिखता जो ऐसे नतीजे का समर्थन करता हो।"
सिया गोयल के वकील ने कहा, "मुझे यह मानना बहुत अजीब लगता है कि इतने गंभीर आरोपों का सामना कर रही कोई आरोपी, उस व्यक्ति को जिसे वह कथित तौर पर मारना चाहती थी, चार बार उसी जगह ले जाएगी। यह बात मुझे मुमकिन नहीं लगता।"
हालांकि, सूत्रों ने बताया है कि अब तक की जांच में पुलिस ने कई डिजिटल सबूत जब्त किए हैं। इसके अलावा, जिस स्थान पर केतन अग्रवाल की हत्या हुई थी, वहां घटनाक्रम का सीन रिक्रिएशन भी किया गया है।