कमरहट्टी में कई घरों में चोरी

कई परिवारों को बाहर से किया बंद, हथियारों के बल पर दहशत का आरोप
Kamarhati: Massive Robbery in 12 Houses, Robbers Held Locality Hostage
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बेलघरिया: कमरहटी नगरपालिका के 29 नंबर वार्ड अंतर्गत बॉयज क्लब मैदान के पीछे, टैक्समैको कारखाना गेट के समीप चौधरी पाड़ा और बासुदेवपुर इलाके में गुरुवार की रात अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया। एक ही रात में लगभग 10 से 12 घरों में दुस्साहसिक चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। इतना ही नहीं, लुटेरों ने करीब 15 घरों के दरवाजों को बाहर से बंद कर दिया ताकि कोई शोर सुनकर बाहर न निकल सके।

मुंह पर कपड़ा और हाथों में हथियार

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि लुटेरे गिरोह बनाकर आए थे। उनके चेहरे कपड़े से ढके हुए थे और सबके पास आधुनिक आग्नेयास्त्र (हथियार) थे। लुटेरों ने किसी घर में छत की सीढ़ी के जरिए प्रवेश किया, तो कहीं ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। एक पीड़ित परिवार ने बताया कि विरोध करने पर लुटेरों ने गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की।

35 वर्षों में पहली बार ऐसी दहशत

इलाके के बुजुर्गों का कहना है कि वे पिछले 30 से 35 वर्षों से यहाँ रह रहे हैं, लेकिन ऐसी भयावह घटना पहले कभी नहीं घटी। पूरे बासुदेवपुर और चौधरी पाड़ा क्षेत्र में अब खौफ का माहौल है। लोग रात भर जागने को मजबूर हैं कि न जाने कब कौन सा घर निशाना बन जाए।

पुलिस की भूमिका पर नजर

घटना की सूचना मिलने के बाद बेलघरिया थाने की पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। अब देखना यह है कि पुलिस इस गिरोह का पर्दाफाश कर चोरी का सामान बरामद कर पाती है या नहीं, और इलाके के लोगों के मन से असुरक्षा के इस गहरे साये को कैसे दूर करती है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in