

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर और दक्षिण बंगाल में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, ‘काल बैसाखी’ (नॉर-वेस्टर्स) के चलते सोमवार से गुरुवार तक लगातार तूफान और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। रविवार से शुरू हुई बारिश आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विभाग ने बताया कि इन 4 दिनों के दौरान गरज और बिजली कड़कने के साथ रुक-रुककर बारिश होगी। इसके साथ ही गुरुवार को हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि मंगलवार और बुधवार को इसकी रफ्तार बढ़कर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।
बंगाल में बिगड़ेगा मौसम, कई जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण बंगाल के कई जिलों हावड़ा, हुगली, नदिया और उत्तर 24 परगना के लिए बुधवार को विशेष चेतावनी जारी की गई है। वहीं, पश्चिम मिदनापुर, पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व व पश्चिम बर्दवान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद में आज और कल तेज आंधी के साथ हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं। वहीं उत्तरी बंगाल में भी मौसम खराब बना रहेगा। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर, कूचबिहार और कलिम्पोंग में गुरुवार तक बारिश और तूफान का अलर्ट जारी है। विशेष रूप से जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर में भारी वर्षा के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
समुद्र में उथल-पुथल, मछुआरों को चेतावनी
मौसम विभाग ने समुद्री क्षेत्रों के लिए भी चेतावनी जारी की है। बंगाल और उत्तरी ओडिशा तट के पास समुद्र अशांत रहेगा, जहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। मछुआरों को बुधवार तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। इस बदलाव के कारण तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को अस्थायी राहत मिलेगी।