दक्षिण बंगाल में काल बैसाखी का अलर्ट, रविवार से शुरू हो सकती है बारिश

40–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं
दक्षिण बंगाल में काल बैसाखी का अलर्ट, रविवार से शुरू हो सकती है बारिश
Published on

समुद्र में उठेगा ज्वार, मछुआरों के लिए चेतावनी जारी

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर समेत पूरे दक्षिण बंगाल में भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने की संभावना है। अलीपुर मौसम विभाग ने सप्ताहांत से क्षेत्र में गरज-चमक के साथ बारिश शुरू होने की संभावना जतायी है। विशेष रूप से रविवार से ‘काल बैसाखी’ यानी नॉर-वेस्टर तूफानों का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, कोलकाता और आसपास के इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं जबकि उत्तर 24 परगना, पश्चिम मिदनापुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व व पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

बारिश और तूफान से दक्षिण बंगाल में गिरेगा पारा

मौसम विभाग के अनुसार अगामी गुरुवार तक दक्षिण बंगाल के अधिकांश इलाकों में रुक-रुक कर बारिश और तूफानी मौसम बना रह सकता है। इससे तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। उत्तर बंगाल में भी शनिवार से मौसम बदलने के संकेत हैं। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार में भारी बारिश (7 से 11 सेंटीमीटर) हो सकती है। इन क्षेत्रों में भी तेज हवाएं चलने का अनुमान है। समुद्री क्षेत्रों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है। रविवार और सोमवार को समुद्र में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे समुद्र अशांत रहेगा। मछुआरों को इस दौरान समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने बताया कि क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से यह बदलाव हो रहा है, जिससे गर्मी के बीच राहत भरी बारिश की स्थिति बन रही है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in