आईसीसी अध्यक्ष बने ब्रिज भूषण, जारी शताब्दी डाक टिकट

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि
Published on

केडी पार्थ

कोलकाता : इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईसीसी) की 97वीं वार्षिक आम सभा ताज बंगाल, कोलकाता में आयोजित हुई। इस अवसर पर ब्रिज भूषण अग्रवाल को आईसीसी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया। सभा में आईसीसी के 100 वर्ष पूरे होने पर एक विशेष डाक टिकट का विमोचन भी किया गया। यह डाक टिकट पश्चिम बंगाल सर्किल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल अशोक कुमार ने जारी किया।

उद्योग जगत की बड़ी हस्तियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में उद्योग और प्रौद्योगिकी जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। इनमें जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड के एमडी अभयुदय जिंदल, नेओटिया ग्रुप के ज्वाइंट एमडी पार्थिव नेओटिया, वेंचर फैक्ट्री एआई की को-फाउंडर एवं सीटीओ मिया क्यांडी, टिटागढ़ रेल सिस्टम्स के डिप्टी एमडी पृथीश चौधरी, सेंचुरीप्लाई के डायरेक्टर केशव भजनका और पहाड़पुर 3पी प्राइवेट लिमिटेड की डायरेक्टर देविना स्वरूप शामिल थे।

एआई और फैमिली बिजनेस पर विचार

सभा में वक्ताओं ने फैमिली बिजनेस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर अपने विचार साझा किए। अभयुदय जिंदल ने कहा कि हर तकनीकी बदलाव के साथ नौकरियों पर प्रभाव की चर्चा होती है, पर इतिहास साबित करता है कि नवाचार जितनी नौकरियां खत्म करता है, उतने ही नए अवसर भी पैदा करता है। उन्होंने एआई को कार्यक्षमता बढ़ाने और नए उद्योग विकसित करने का साधन बताया। पार्थिव  नेओटिया ने स्वास्थ्य सेवाओं में एआई के उपयोग को गेम-चेंजर बताया। उन्होंने कहा कि एआई-सहायता प्राप्त रेडियोलॉजी 90% तक सटीकता प्रदान कर रही है और अस्पतालों के कार्यों को तेजी से पूरा करने में मदद कर रही है। मिया क्यांडी ने कहा कि एआई ऐतिहासिक डेटा और अनुभव को सुरक्षित कर पारिवारिक व्यवसायों को प्रतिस्पर्धात्मक लाभ दे सकता है। पृथीश चौधरी ने रेल और इंजीनियरिंग में एआई से जटिल दस्तावेज़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाने की संभावनाएं बताईं।

नए अध्यक्ष का संकल्प

ब्रिज भूषण अग्रवाल ने कहा कि आईसीसी का यह शताब्दी वर्ष उद्योग जगत को तकनीकी नवाचार से जोड़ने का सुनहरा अवसर है। वे भारतीय व्यवसायों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने, मानव पूंजी को मजबूत करने और सतत विकास को प्रोत्साहित करने के लिए कार्य करेंगे।

डाक विभाग की सराहना

विशेष डाक टिकट जारी करते हुए अशोक कुमार ने कहा कि आईसीसी ने उद्योग और विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। आमतौर पर ऐसे टिकट महान व्यक्तित्वों के सम्मान में जारी होते हैं, पर इस बार संस्था को यह सम्मान देना गर्व की बात है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in