निधि, सन्मार्ग संवाददाता
कांचरापाड़ा : कांचरापाड़ा नगर पालिका के 22 नंबर वार्ड में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। पत्नी के साथ लगातार हो रहे विवाद से तंग आकर 28 वर्षीय युवक सूरज मांझी ने गले में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूरज हलिशहर जूट मिल में कार्यरत था।
स्थानीय सूत्रों और पड़ोसियों के अनुसार, सूरज और उसकी पत्नी के बीच अक्सर अनबन रहती थी। बताया जा रहा है कि रविवार रात को दोनों के बीच विवाद ने बड़ा रूप ले लिया था। सोमवार सुबह भी उनके बीच काफी कहासुनी हुई, जिसके कुछ ही देर बाद सूरज ने अपने घर के कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदा लगा लिया।
परिजनों ने जैसे ही सूरज को फंदे से लटका देखा, आनन-फानन में उसे उतारकर कल्याणी जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (JNM) अस्पताल ले गए। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में घरेलू कलह को मुख्य कारण माना जा रहा है, लेकिन पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्या पति-पत्नी के रिश्ते के बीच किसी तीसरे व्यक्ति की मौजूदगी तो नहीं थी, जिसके कारण विवाद इतना बढ़ गया।