

कोलकाता : भारत और अमेरिका के बीच दशकों पुरानी सुरक्षा साझेदारी को सम्मान देने के लिए रविवार को कोलकाता में पहली ‘जॉय-फ्रीडम राइड’ मोटरसाइकिल रैली आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में अमेरिकी महावाणिज्यदूत कैथी गाइल्स-डियाज और राज्य पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने भाग लिया। रैली के बाद अमेरिकी केंद्र में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया, जिसमें वर्ष 2002 में अमेरिकी केंद्र पर हुए आतंकी हमले के दौरान शहीद हुए कोलकाता पुलिस के पांच जवानों—पीयूष सरकार, उज्ज्वल बर्मन, सुरेश हेम्ब्रम, अनूप मंडल और शेख अशरफ अली को श्रद्धांजलि दी गई।
कैथी गाइल्स-डियाज ने कहा कि जैसे मोटरसाइकिल को आगे बढ़ाने के लिए दो पहियों की जरूरत होती है, उसी तरह भारत-अमेरिका साझेदारी भी दोनों देशों के सहयोग पर आधारित है। उन्होंने स्वतंत्र, खुला और सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के साझा दृष्टिकोण को दोनों देशों के संबंधों की मजबूत नींव बताया। अमेरिकन सेंटर से शुरू हुई रैली में 250 से अधिक बाइक सवार शामिल हुए। रैली विक्टोरिया मेमोरियल, प्रिंसेप घाट और लालबाजार होते हुए पुन: अमेरिकन सेंटर पहुंची। कार्यक्रम के आयोजन में निजी क्षेत्र की कई संस्थाओं ने भी सहयोग दिया। इस अवसर पर मंत्री दिलीप घोष ने स्वयं बाइक की सवारी की।