JITO ने “द चेयरमैन डिबेट” का किया सफल आयोजन

उद्योग जगत के दिग्गजों ने साझा किये विचार
JITO ने “द चेयरमैन डिबेट” का किया सफल आयोजन
Published on

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन JITO के कोलकाता चैप्टर ने “द चेयरमैन डिबेट” का सफल आयोजन किया। यह डिबेट एक प्रतिष्ठित व्यावसायिक मंच है। इस विशेष कार्यक्रम में देश के प्रमुख उद्योगपतियों एवं समाज के अग्रणी सदस्यों ने भाग लेकर विकास, सहयोग और उद्योग के भविष्य पर सारगर्भित विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम की मेजबानी विनोद बैद ने की तथा संचालन रोहित सुराना द्वारा किया गया। उन्होंने गरिमामयी पैनल चर्चा को प्रभावी एवं विचारोत्तेजक दिशा प्रदान की। इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख पैनल सदस्यों में नाहर ग्रुप के चेयरमैन सुखराज नाहर, पगारिया समूह के चेयरमैन उज्ज्वल पगारिया, केएलजे ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर हेमंत जैन, ऑथम इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के संजय डांगी, आईआईएफएल फाइनेंस के फाउंडर निर्मल जैन व साथ ही नेशनल ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन सुनील सिंगही व मेंबर सिद्धार्थ मालू मौजूद थे। JITO के विनोद दुगड़, शीतल दुगड़, कल्पना बैद, हेम छाजेड़, भावेन कमदार एवं धर्मेंद्र कुमार जैन भी अपनी उपस्थित से कार्यक्रम की शोभा बढ़ायी। चर्चा के दौरान प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों, उभरते आर्थिक अवसरों तथा उद्यमियों के समक्ष उपस्थित चुनौतियों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने वर्तमान प्रतिस्पर्धी परिवेश में नैतिक नेतृत्व, नवाचार एवं रणनीतिक नेटवर्किंग के महत्व पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में JITO कोलकाता द्वारा “गर्ल्स’ हॉस्टल सर्विसेज इनिशिएटिव” की घोषणा की गई। इस पहल का उद्देश्य उच्च शिक्षा एवं करियर की दिशा में अग्रसर युवतियों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आवास सुविधा उपलब्ध कराना है। “द चेयरमैन डिबेट” ने JITO कोलकाता के उस संकल्प को पुनः सुदृढ़ किया, जिसमें उद्यमियों को सशक्त बनाना, ज्ञान-साझाकरण को प्रोत्साहित करना तथा जैन समाज के लिए एक सुदृढ़, मूल्य-आधारित व्यावसायिक वातावरण का निर्माण करना शामिल है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in