

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बनगांव : उत्तर 24 परगना के बनगाँव थाना अंतर्गत जेशोर रोड पर शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अचानक आए आंधी-तूफान के कारण सड़क किनारे खड़ा एक विशालकाय पुराना पेड़ भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से कई दुकानें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। यह घटना छहघरिया इलाके में ठाकुर हरिदास स्कूल के ठीक सामने हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई, तभी स्कूल के सामने स्थित एक पुराना कृष्णचूड़ा का पेड़ उखड़कर गिर गया। इसकी चपेट में आने से कम से कम तीन दुकानें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। दुकानों के भीतर रखे कीमती सामान, फ्रिज और अन्य मशीनें मलबे में दबकर नष्ट हो गई हैं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, व्यापारियों को लाखों रुपये का वित्तीय नुकसान हुआ है। इस घटना में एक दुकान मालिक का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को यशौर रोड के इन खतरनाक और सूखे पेड़ों के बारे में चेतावनी दी थी, लेकिन अधिकारियों ने कोई सुध नहीं ली। व्यापारियों का कहना है कि अगर समय रहते सूखे डालों की छंटाई की गई होती, तो आज यह दुर्घटना नहीं होती। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन मृतप्राय पेड़ों को जल्द से जल्द हटाए ताकि भविष्य में जान-माल का और नुकसान न हो।