

पटनाः बिहार चुनाव की मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों से राजग ने जो बढ़त बनाई, वह अब तक जारी है और वह दो सौ से अधिक सीटें जीतते हुए दिख रहा है। इस बीच दोपहर में राजग की दूसरी बड़ी पार्टी जदयू, जिसके नेता नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं, ने एक ऐसा ट्वीट किया और फिर उसे तुरंत डिलीट कर दिया, इससे सवाल उठने लगे हैं कि क्या नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने पर सवाल है।
दोपहर में जदयू के आधिकारिक एक्स हैंडल से ट्वीट किया गया- न भूतो, न भविष्यति... नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री थे, हैं और रहेंगे। इस ट्वीट को कुछ दे बाद हटा दिया गया। किसके कहने पर यह ट्वीट किया गया और फिर किसके कहने पर इसे हटाया गया, यह अभी स्पष्ट नहीं है। लेकिन इससे पता चलता है कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री के पद पर कौन होगा, यह फिलहाल एक बड़ा सवाल है।
गौरतलब है कि चुनाव के पहले ही भाजपा नेताओं ने कहा था कि यह चुनाव नीतीश कुमार के चेहरे पर ही लड़ा जा रहा है। लेकिन वे फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे, इस पर कभी स्पष्ट तौर पर नहीं कहा गया। दरअसल नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं जतायी जा रही थीं। यह कहा जा रहा था कि अब वह इस महत्वपूर्ण भूमिका को निभाने के लिए उचित व्यक्ति नहीं हैं। वहीं यह भी कहा जा रहा था कि इस बार बीजेपी अपना मुख्यमंत्री बनाना चाहती है, इसलिए चुनाव प्रचार के दौरान कहीं भी नीतीश कुमार को फिर से मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट नहीं किया।
बहरहाल मतगणना के शुरुआत से ही भाजपा और जदयू में आगे निकलने की होड़ मची थी। हालांकि अब भाजपा आगे निकलते हुए दिख रही है। अपराह्न पांच बजे तक राजग ने कुल 202 सीटों पर बढ़त बना ली है। इसमें भाजपा 91 सीटों पर तो जदयू 83 सीटों पर जीतते हुए दिख रहे हैं। लोजपा 19 सीटों पर आगे है।
अगर बीजेपी की कुछ सीटें भी अधिक हुईं तो इस बार निश्चित रूप से उसके पार्टी नेता चाहेंगे कि उसका ही मुख्यमंत्री हो। लेकिन अगर फाइनल नजीते में जदयू कहीं आगे निकल गया तो निश्चित रूप से उसकी तरफ से अपना मुख्यमंत्री देने की मांग तेज होगी। अब देखना है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार होंगे या कोई अन्य होगा, वह किस पार्टी से होगा।