

Hyderabad में पुलिस ने एक हैरान कर देने वाला मामला पकड़ा है, जहां एक डॉक्टर ने अपनी लग्जरी BMW कार में ‘जेम्स बॉन्ड’ स्टाइल नंबर प्लेट सिस्टम लगा रखा था। आरोपी डॉक्टर Gautham Reddy को शनिवार रात Jubilee Hills में रूटीन चेकिंग के दौरान रोका गया। जैसे ही पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट के लिए कहा, उसने रिमोट के जरिए कुछ ही सेकंड में कार की नंबर प्लेट बदल दी, जिससे पुलिस भी चौंक गई।
कार में एक बटन से चलने वाला फ्लिप नंबर प्लेट सिस्टम लगा था, जिससे ‘TS9FQ9999’ और ‘DL6CM7097’ के बीच तुरंत बदलाव किया जा सकता था। पुलिस के मुताबिक, यह सिस्टम ट्रैफिक कैमरों को भ्रमित करने और ई-चालान से बचने के लिए लगाया गया था। यह तरीका James Bond की फिल्मों में दिखाए गए Aston Martin DB5 की घूमने वाली नंबर प्लेट जैसा है।
जांच में पाया गया कि आरोपी का ब्लड अल्कोहल लेवल 137 mg था, जो कानूनी सीमा (30 mg/100 ml) से काफी ज्यादा है।
पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही कार को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तरह का अवैध सिस्टम किस कार डेकोर यूनिट में लगाया गया और इसमें और कौन लोग शामिल हैं।