जगद्दल: भाजपा उम्मीदवार और कांग्रेस जिला सचिव के बीच एक घंटे चली बंद कमरे में बैठक

सियासी हलकों में हलचल हुई तेज
Jagatdal: BJP Candidate Rajesh Kumar Meets Congress Leader Bipul Ghosal.
जगदल के भाजपा उम्मीदवार डॉ. राजेश कुमार
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

जगदल : पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के शोर-शराबे के बीच जगद्दल विधानसभा क्षेत्र से एक अनूठी तस्वीर सामने आई है। यहाँ भाजपा उम्मीदवार और पूर्व IPS अधिकारी राजेश कुमार ने उत्तर 24 परगना जिला कांग्रेस के सचिव बिपुल घोषाल के घर पहुँचकर उनसे मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बंद कमरे में बैठक हुई, जिसने क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।

चुनाव नहीं, 'शिष्टाचार' पर जोर

बैठक के बाद जब दोनों नेता बाहर आए, तो उन्होंने इसे पूरी तरह से एक "शिष्टाचार भेंट" करार दिया। राजेश कुमार ने कहा, "मैं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों का आशीर्वाद लेने निकल रहा हूँ। बिपुल बाबू पिछले 25 वर्षों से टाउन अध्यक्ष रहे हैं और उन्होंने बिना किसी स्वार्थ के जनता की सेवा की है। ऐसे अनुभवी व्यक्ति का सान्निध्य मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुलाकात का राजनीति या वोटों से कोई लेना-देना नहीं है।

कांग्रेस नेता ने क्या कहा?

वरिष्ठ कांग्रेस नेता बिपुल घोषाल ने भी सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि उम्मीदवारों का उनके पास आना कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा, "आज की राजनीति में जो शिष्टाचार खो गया था, वह वापस आ रहा है, जो लोकतंत्र के लिए अच्छा है।" घोषाल ने यह भी याद दिलाया कि भाजपा उम्मीदवार के पिता एक स्वतंत्रता सेनानी थे और कांग्रेस से जुड़े थे, जो कांग्रेस के लिए गर्व की बात है। बाहरी उम्मीदवार के मुद्दे पर उन्होंने निष्पक्ष रहते हुए कहा कि जगद्दल में लगभग सभी प्रमुख दलों के उम्मीदवार बाहरी ही हैं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in