

पीएचडी के लिए 30 मार्च तक करें आवेदन
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जादवपुर यूनिवर्सिटी ने पीएचडी कार्यक्रमों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों के लिए यह उच्च शिक्षा का बेहतरीन अवसर है। विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर इस संबंध में विस्तृत अधिसूचना जारी की गई है। पीएचडी के लिए आवेदन ‘फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी’ के अंतर्गत विभिन्न विभागों में आमंत्रित किए गए हैं। इनमें आर्किटेक्चर, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन, केमिकल, सिविल, मैकेनिकल, कंप्यूटर साइंस, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इंस्ट्रूमेंटेशन, मेटलर्जिकल, प्रोडक्शन इंजीनियरिंग सहित फार्मास्यूटिकल टेक्नोलॉजी जैसे विषय शामिल हैं।
आवेदन प्रक्रिया में नियमों का पालन करना जरूरी
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास संबंधित विषय में इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर, फार्मेसी या टेक्नोलॉजी में स्नातक और परास्नातक डिग्री या समकक्ष योग्यता का होना अनिवार्य है। प्रत्येक विभाग के लिए सीटों की संख्या निर्धारित की गई है। इसके अलावा उम्मीदवारों को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित अधिसूचना देखनी होगी। आवेदन पत्र और आवश्यक दस्तावेज उसी में दिए गए निर्देशों के अनुसार जमा करने होंगे। आवेदन शुल्क का भुगतान भी अनिवार्य होगा। पीएचडी कार्यक्रम के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 मार्च निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय सीमा से पहले आवेदन जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर लें।