

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जादवपुर विश्वविद्यालय में छात्रा की झील में गिरकर मौत के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा उपायों को सख्त किया है। हाल ही में, विश्वविद्यालय ने झील के किनारे की झाड़ियों को साफ करने का काम शुरू कर दिया है, ताकि भविष्य में किसी भी दुर्घटना को रोका जा सके। इसके अलावा, झील के आसपास ऊंची फेंसिंग भी लगाई जाएगी, ताकि कोई छात्रा या छात्र असावधानीवश झील में न गिर जाए।
11 सितंबर की रात को विश्वविद्यालय के 4 नंबर गेट के पास स्थित झील से तीसरे वर्ष की छात्रा अनामिका मंडल का शव बरामद किया गया था। वह विश्वविद्यालय के पार्किंग लॉट में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने आई थीं। हालांकि, उनकी मृत्यु के कारण पर सवाल उठ रहे हैं। क्या वह असावधानीवश झील में गिर गईं, या उन्हें जानबूझकर धक्का दिया गया? छात्रा के परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है और कहा कि उनकी बेटी को झील में धक्का दिया गया था।
इस घटना के बाद विश्वविद्यालय के अंदर शराब पीने और अवैध गतिविधियों के बारे में भी आरोप लगे हैं। इसके मद्देनजर, विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक नया दिशा-निर्देश जारी किया है, जिसमें कैम्पस के भीतर मादक पदार्थों के सेवन पर प्रतिबंध लगाया गया है। अगर कोई पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विश्वविद्यालय ने झोपड़ी और झाड़ियों को साफ करने के लिए 22 सितंबर तक टेंडर की घोषणा की है। इसके बाद, पूरे विश्वविद्यालय परिसर में सफाई कार्य शुरू होगा।