

मुंबईः कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़ी चुनौतियों और वैश्विक व्यापार अनिश्चितताओं के बीच सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में भारी बिकवाली होने से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 1,069 अंक टूट गया जबकि निफ्टी में 288 अंक की गिरावट रही। विश्लेषकों ने कहा कि अमेरिका एवं ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,068.74 अंक यानी 1.28 प्रतिशत टूटकर 82,225.92 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,359.93 अंक लुढ़ककर 81,934.73 अंक तक आ गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 288.35 अंक यानी 1.12 प्रतिशत के नुकसान के साथ 25,424.65 अंक पर बंद हुआ। दिन में यह 385.4 अंक फिसलकर 25,327.60 अंक तक आ गया था।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, “घरेलू बाजार में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिसका नेतृत्व आईटी शेयरों ने किया। एआई की वजह से व्यापक व्यवधान और पारंपरिक आईटी सेवा प्रदाताओं के मार्जिन पर दबाव से जुड़ी वैश्विक चिंताएं फिर उभर आई हैं।”
नायर ने कहा कि वैश्विक व्यापार और अमेरिकी शुल्क को लेकर चिंताएं दोबारा बढ़ गई हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार समझौतों पर चेतावनियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संभावित शुल्क की खबरों ने बाजार पर अतिरिक्त दबाव डाला।
आईटी कंपनियों में से टेक महिंद्रा के शेयर में सर्वाधिक 6.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा एचसीएल टेक, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में भी गिरावट रही। इसके विपरीत एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील और सन फार्मा में तेजी का रुख देखा गया।
व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों का बीएसई स्मॉलकैप सिलेक्ट सूचकांक 0.68 प्रतिशत और मझोली कंपनियों का मिडकैप सिलेक्ट 0.54 प्रतिशत नीचे आ गया। नायर ने कहा कि आईटी क्षेत्र में लंबे समय तक दबाव रहने की आशंका से रियल एस्टेट शेयरों पर भी असर पड़ा, क्योंकि इससे घरों की मांग और मूल्यांकन प्रभावित हो सकते हैं।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और जापान का निक्की बढ़त में रहे, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में जर्मनी का डीएएक्स, लंदन का एफटीएसई 100 और पेरिस का सीएसी 40 दोपहर के कारोबार में गिरावट में थे। अमेरिकी बाजार सोमवार को करीब दो प्रतिशत नुकसान के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.22 प्रतिशत बढ़कर 71.66 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 3,483.70 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,292.24 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की। पिछले सत्र में सेंसेक्स 479.95 अंक बढ़कर 83,294.66 अंक पर और निफ्टी 141.75 अंक चढ़कर 25,713 अंक पर बंद हुआ था।