ISF 33 सीट पर चुनाव लड़ेगी

वाम मोर्चे के साथ 29 सीट पर समझौता
ISF 33 सीट पर चुनाव लड़ेगी
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : इंडियन सेकुलर फ्रंट (आईएसएफ) ने घोषणा की है कि वह आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 33 सीट पर चुनाव लड़ेगा, जिनमें चार ऐसे निर्वाचन क्षेत्र भी शामिल हैं, जहां वाम मोर्चे के साथ सीट बंटवारे की बातचीत में अभी तक सहमति नहीं बन पाई है। आईएसएफ विधायक नौशाद सिद्दीकी ने कहा कि पार्टी ने माकपा नीत वाम मोर्चे के साथ 29 सीट पर समझौता कर लिया है, लेकिन वह नंदीग्राम, पांशकुड़ा पश्चिम, भगबंगोला और मुरारई में भी उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच अंतिम समझौता न होने के बावजूद इन चार सीट पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया है और वामपंथी नेतृत्व को इसकी जानकारी दे दी गई है। सिद्दीकी ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि वाम मोर्चा इन चार निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार नहीं उतारेगा।’’ इस मुद्दे को मामूली मतभेद बताते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले आम सहमति बन जाएगी।

एक नजर इस पर

जिन 33 सीट पर आईएसएफ अपने उम्मीदवार उतारेगी, उनमें दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना जिलों में आठ-आठ सीट शामिल हैं। फुरफुरा शरीफ के पहले पीर मुहम्मद अबू बक्र सिद्दीकी के वंशज सिद्दीकी, निवर्तमान विधानसभा में आईएसएफ के इकलौते विधायक हैं। वे दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में, 23 और 29 अप्रैल को होगा। मतों की गिनती 4 मई को होगी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in