

नयी दिल्ली : भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का कहना है कि नीलामी में समझदारी भरे और साहसिक फैसले लेने के बाद पंजाब किंग्स अब ‘सही दिशा में आगे बढ़ रही है’ जिससे IPL खिताब के लिए उसका लंबा इंतजार खत्म होने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
पठान ने कहा कि नेतृत्व में स्पष्टतता और अच्छी टीम का चयन करने से पंजाब बेहतर प्रदर्शन करने लग गया है। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली यह टीम पिछले साल उपविजेता रही थी। उन्होंने कहा, ‘पंजाब के लिए टीम को नया स्वरूप देने में उसके नेतृत्व ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। आप IPL के आधे मैच नीलामी में जीतते हैं। बड़ी रकम का मतलब यह नहीं है कि आपको हमेशा वही मिलेगा जो आप चाहते हैं, लेकिन उन्हें वही मिला और वे फाइनल तक पहुंचे।’
पंजाब के पास अच्छे ऑलराउंडर
पठान ने कहा कि पंजाब किंग्स ने ग्लेन मैक्सवेल जैसे खराब प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बाहर करने का कड़ा फैसला किया और अपनी बेंच स्ट्रेंथ भी मजबूत की। उन्होंने कहा, ‘पंजाब किंग्स ने कुछ साहसिक लेकिन महत्वपूर्ण फैसले किए। अब उसके पास अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसेन और मार्कस स्टोइनिस जैसे ऑलराउंडर तथा अच्छे युवा भारतीय बल्लेबाज हैं। श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाने का फैसला करने के बाद उन्होंने उन पर पूरा भरोसा जताया। टीम में स्पष्टता है और मुझे लगता है कि पंजाब सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।’
एक अन्य विशेषज्ञ आकाश चोपड़ा ने कहा कि पूर्व में टीमों में लगातार बदलाव के कारण पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स दोनों को नुकसान हुआ। उन्होंने कहा, ‘जहां सफलता नहीं मिलती, वहां टीमें लगातार फेरबदल करती रहती हैं। एक टीम के 15 तो दूसरी के 17 कप्तान हो चुके हैं। अगर आप अपनी वर्तमान स्थिति को बदलना चाहते हैं, तो स्थिरता अनिवार्य है।’ हालांकि चोपड़ा ने कहा कि दिल्ली ने हाल के समय में अपनी टीम में स्थिरता प्रदान करने की कोशिश की है जिसका उसे फायदा भी मिला है।
उन्होंने कहा, ‘दिल्ली ने 2019 से लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और उसकी टीम 2020 में फाइनल में पहुंची थी। इस बार मुझे लगता है कि उसके पास काफी मजबूत टीम है।’