हिजबुल्ला पर हमले जारी रहे तो कड़ा जवाब देगा ईरान

इजराइल को चेतावनी, लेबनान में भी युद्धविराम लागू होने का दावा
हिजबुल्ला पर हमले जारी रहे तो कड़ा जवाब देगा ईरान
Published on

दुबई : ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर कालिबाफ ने चेतावनी दी है कि यदि लेबनान में हिजबुल्ला पर इजराइल के हमले जारी रहे तो इसका कड़ा और स्पष्ट जवाब दिया जाएगा।

कालिबाफ ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर संदेश जारी कर कहा कि युद्धविराम का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके गंभीर नतीजे सामने आएंगे। उन्होंने अन्य ईरानी अधिकारियों की तरह यह भी दावा किया कि प्रस्तावित दो सप्ताह का युद्धविराम लेबनान पर भी लागू होता है, जबकि इजराइल और अमेरिका ने इस दावे को खारिज कर दिया है।

उन्होंने कहा कि यदि इजराइल ने हमले नहीं रोके तो क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है। कालिबाफ की इस चेतावनी को मौजूदा हालात में अहम माना जा रहा है, क्योंकि क्षेत्र में पहले से ही अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच तनाव बना हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, कालिबाफ इस सप्ताहांत पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से मुलाकात कर सकते हैं, जहां क्षेत्रीय सुरक्षा और युद्धविराम को लेकर बातचीत होने की संभावना है।

मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच ईरान की इस चेतावनी से हालात और संवेदनशील हो गए हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in