ईरान की अमेरिका को चेतावनी: “नए नियम नहीं माने तो होर्मुज बंद”, ट्रंप के बयान से बढ़ा तनाव

ईरानी नेता इब्राहिम अजीजी का कड़ा संदेश, ट्रंप बोले—“जल्द ईरान से निकलेंगे, बिना समझौते भी संभव”
ईरान की अमेरिका को चेतावनी: “नए नियम नहीं माने तो होर्मुज बंद”, ट्रंप के बयान से बढ़ा तनाव
Published on

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान और अमेरिका के बीच बयानबाजी और तीखी हो गई है। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रमुख इब्राहिम अजीजी ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य उन देशों के लिए बंद कर दिया जाएगा, जो ईरान के नए नियमों का पालन नहीं करेंगे।

अजीजी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने “शासन परिवर्तन” का सपना तो देखा था, लेकिन वह जमीन पर नहीं, बल्कि क्षेत्र के समुद्र में ही सिमट कर रह गया। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह बंद नहीं होगा, लेकिन इसका इस्तेमाल केवल वही देश कर सकेंगे, जो इस्लामी गणराज्य ईरान के नियमों का पालन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि “47 साल की मेहमाननवाजी का दौर अब खत्म हो चुका है।”

दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि अमेरिका जल्द ही ईरान से बाहर निकल सकता है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “हमें बस वहां से निकलना है और हम बहुत जल्द ऐसा करेंगे। इसके बाद वे खुद ही गिर जाएंगे।” ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने पहले ही “शासन परिवर्तन” कर लिया है और अब वहां एक अलग तरह का नेतृत्व उभर रहा है। उन्होंने ईरान के पूर्व नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि अब स्थिति बदल चुकी है और नए हालात अमेरिका के लिए ज्यादा अनुकूल हैं।

समझौते के सवाल पर ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को किसी डील की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, “जब हमें लगेगा कि ईरान लंबे समय तक परमाणु हथियार बनाने में सक्षम नहीं रहेगा, तब हम वहां से हट जाएंगे—चाहे समझौता हो या न हो।” हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि समझौते की संभावना बनी हुई है, क्योंकि ईरान बातचीत करना चाहता है।

इस बीच, दोनों देशों के बीच बढ़ती तल्खी ने वैश्विक चिंता बढ़ा दी है, खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर, जो दुनिया के सबसे अहम तेल आपूर्ति मार्गों में से एक है। यहां किसी भी तरह का तनाव वैश्विक अर्थव्यवस्था और तेल बाजार पर बड़ा असर डाल सकता है। फिलहाल, क्षेत्र में हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं और दुनिया की नजरें इस टकराव के अगले कदम पर टिकी हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in