

दुबईः अमेरिका और इजराइल ने ईरान के साथ युद्ध के पांचवें दिन बुधवार को तेहरान और अन्य शहरों पर कई हवाई हमले किए। इजराइल ने ईरानी नेतृत्व और सुरक्षा बलों को निशाना बनाया, जिसके जवाब में ईरान ने इजराइल और पूरे क्षेत्र पर मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए।
तेहरान में तड़के से ही लोगों ने धमाकों की आवाज सुनी और ईरानी सरकारी टेलीविजन ने राजधानी के केंद्र में एक इमारत के खंडहर में तब्दील होने के दृश्य दिखाए। इजराइल ने कोम और कई अन्य शहरों को भी निशाना बनाया। आसमान में लड़ाकू विमानों को गुजरते देख तेहरान में मौजूद लोग चिंतित हो गये। कपड़ों की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति ने कहा कि उसे समझ नहीं आ रहा था कि क्या करे। उन्होंने कहा, “अगर मैं शहर छोड़ दूं, तो मैं पैसे कैसे कमाऊंगा और अपना गुजारा कैसे करूंगा?”
इजराइली सेना ने बताया कि बुधवार को उसके एक एफ-35 स्टील्थ लड़ाकू विमान ने तेहरान के ऊपर ईरानी वायु सेना के ‘याक-130’ लड़ाकू विमान को मार गिराया। सेना ने यह भी कहा कि देश भर में लक्ष्यों पर दागी गई ईरानी मिसाइलों को मार गिराने के लिए इजराइली हवाई रक्षा प्रणाली सक्रिय कर दी गई थी और यरूशलम के आसपास विस्फोट की आवाज सुनी गई।
इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने चेतावनी दी कि ईरान द्वारा जिस किसी को देश का अगला सर्वोच्च नेता चुना जाएगा, उसका ‘‘खात्मा हमारा लक्ष्य’’ होगा। काट्ज ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘इजराइल के खिलाफ योजना को आगे बढ़ाने, अमेरिका और अन्य देशों को धमकाने और ईरानी जनता की आवाज को दबाने के लिए ईरानी आतंकी शासन द्वारा जो भी नेता नियुक्त किया जाएगा, उसका खात्मा हमारा लक्ष्य होगा।’’
इजराइल के रक्षा मंत्री का यह बयान ईरान के साथ अमेरिका और इजराइल की जंग के पांचवें दिन में प्रवेश करने के बीच आया। बुधवार को तेहरान में धमाकों की आवाज सुनी गई। ईरान के सरकारी टीवी ने बताया कि सुबह के समय तेहरान के आसपास विस्फोट हुए। वहीं, इजराइल ने कहा कि ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों के कारण उसे अपनी हवाई सुरक्षा प्रणाली को सक्रिय करना पड़ा। इसके अलावा, इजराइल की राजधानी यरूशलम के आसपास भी धमाकों की आवाज सुनाई दी। इजराइली सेना ने बुधवार को कहा कि उसने ईरान की राजधानी में उसके सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर कई हमले किए। इसने कहा कि उसने ईरान के ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ की स्वैच्छिक सेवा देने वाली सेना ‘बासिज’ से जुड़ी इमारतों को निशाना बनाया।
इजराइली सेना ने यह भी कहा कि उसने ईरान की आंतरिक सुरक्षा कमान से जुड़ी इमारतों को निशाना बनाया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया कि यह जंग कई हफ्तों या उससे भी अधिक समय तक जारी रह सकती है। इस युद्ध में अभी तक ईरान में लगभग एक हजार से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। इनमें कुछ ऐसे भी शामिल हैं जिन्हें ट्रंप ने देश के संभावित भविष्य के नेता माना था।