

तेहरान/वाशिंग्टन ः ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के वरिष्ठ अधिकारी अली मोहम्मद नाइनी ईजराइली हमले में मारे गए। बताया जाता है कि नाइनी ने इजरायल और अमेरिका को 'सरप्राइज' हमले की चेतावनी दी थी, लेकिन कुछ ही घंटों बाद वह इजराइल के हमले में मारे गए।
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि उनके प्रवक्ता अली मोहम्मद नाइनी अमेरिका-इजरायल की आपराधिक और कायराना कार्रवाई में मारे गए। संगठन ने उन्हें 'शहीद' बताते हुए कहा कि उनके विचार आगे भी मार्गदर्शन करते रहेंगे। अपनी मौत से पहले अली मोहम्मद नाइनी ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के दावों का मजाक उड़ाया था। उन्होंने कहा था कि ईरान की मिसाइल क्षमता अपने सबसे ऊंचे स्तर पर है और युद्ध के दौरान भी उत्पादन जारी है।
हमने ईरानी नेवी को प्रभावहीन बना दिया ः ट्रंप
इधर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अमेरिका ने हाल ही में ईरान की नेवी को प्रभावहीन बना दिया है। ट्रंप ने बताया कि दो हफ़्ते पहले ईरान के पास नेवी मौजूद थी, लेकिन अब उनके सभी जहाज़ समुद्र की गहराई में गिराए जा चुके हैं। उन्होंने आगे कहा कि केवल दो दिनों में अमेरिका ने 58 ईरानी जहाज़ों को बेअसर कर दिया। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि ईरान के पास न्यूक्लियर हथियार न हों, क्योंकि अगर उनके पास होते तो वे उनका इस्तेमाल कर सकते थे।