विधायक के काफिले पर हमले की जांच जारी

विधायक सौकत मोल्लाह
विधायक सौकत मोल्लाह
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस के एक विधायक ने रविवार को आरोप लगाया कि बदमाशों ने उनकी गाड़ी पर देसी बम फेंके और गोलीबारी की। पुलिस ने यह जानकारी दी। विधायक सौकत मोल्ला ने दावा किया कि यह हमला शनिवार शाम को भांगर में उस समय हुआ, जब वह एक पार्टी सहयोगी पर कथित तौर पर इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) समर्थकों द्वारा किए गए हमले के संबंध में पोलरहाट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद घर लौट रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसी के घायल होने की खबर नहीं है, हालांकि मुल्ला के काफिले में शामिल एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और इलाके से दो देसी बम और बम बनाने की सामग्री बरामद की। विधायक ने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे आईएसएफ के समर्थक थे। उन्होंने बताया कि इससे पहले शाम को भांगर निर्वाचन क्षेत्र के दक्षिण गाजीपुर गांव में एक सभा के दौरान तृणमूल कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया था, जिसमें कई लोग घायल हो गए और एक स्थानीय पार्टी पदाधिकारी की हालत गंभीर है। विधायक ने आरोप लगाया कि हिंसा को आईएसएफ विधायक नवसाद सिद्दीकी ने भड़काया था। हालांकि, सिद्दीकी ने आरोप से इनकार किया है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in